
नई दिल्ली। लोकसभा में बुधवार को दिल्ली हिंसा पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सरकार का पक्ष रखा। शाह ने बताया कि दिल्ली हिंसा के मामले में अब तक 700 से ज्यादा स्नढ्ढक्र दर्ज की जा चुकी है और 2647 लोग गिरफ्तार किए गए हैं या इन्हें हिरासत में लिया गया है। शाह ने कहा कि मैं सदन को आश्वस्त करता हूं कि हमारी सरकार इस दंगे में शामिल किसी भी शख्स को नहीं बख्शेगी चाहे वह किसी भी जाति धर्म या पार्टी का हो। आगजनी करने वालों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी। दिल्ली हिंसा में कितने हिंदू और कितने मुसलमान मारे गए जैसे बेतुके सवालों पर केंद्रीय गृहमंत्री ने करारा पलटवार किया। शाह ने कहा कि मैं दंगों में हुए नुकसान का आंकड़ा तो दे सकता हूं। इसमें सरकार हिंदू मुसलमान नहीं करेगी। केंद्रीय गृहमंत्री ने विपक्षी सांसदों को इस मसले पर आड़े हाथ लेते हुए कहा कि माननीय सदस्य आपको भी ऐसा नहीं करना चाहिए। यह क्या तरीका है कि बताएं कि हिंसा में कितने मुसलमानों का नुकसान हुआ या कितने हिंदू बर्बाद हुए। दंगे में जिनका भी नुकसान हुआ हमारी नजर में वे सभी भारतीय हैं।
0 comments:
Post a comment